जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीएम ने दी साफ-सफाई और सेवाओं में सुधार के निर्देश
जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीएम ने दी साफ-सफाई और सेवाओं में सुधार के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एक्स-रे वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र समेत विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बना रैन बसेरा बंद पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल इसे क्रियाशील करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, अस्पताल परिसर और शौचालय में गंदगी पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सीएमएस को साफ-सफाई की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में बेडशीट नियमित रूप से बदलने और मरीजों को कंबल उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए।
मरीजों की शिकायतों पर विशेष ध्यान..
जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से नाश्ते और खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि रोस्टर के अनुसार सभी मरीजों को समय पर पौष्टिक नाश्ता और खाना दिया जाए। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में भर्ती महेंद्र प्रताप गौड़ के मामले में डीएम ने पुलिस अधीक्षक को एफआईआर दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
दवाओं की उपलब्धता पर जोर...
अस्पताल में इलाज कराने आए कलावती सोनकर और पूजा धर्मा देवी से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डॉक्टर मरीजों को बाहर से दवाएं न लिखें। सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाएं।
पोषण पुनर्वास केंद्र में सुधार के निर्देश...
पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्टाफ नर्स से भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 2 में 5 बेड खाली पाए गए, जिसे तुरंत भरने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Comments